मुजफ्फरपुर : लोक आस्था का महापर्व छठ केवल भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का भी उत्सव है। इस पर्व की प्रत्येक परंपरा और इसमें उपयोग होने वाली सामग्री का प्रकृति से गहरा संबंध है। ये बातें डॉ. विजय विनीत ने छठ महापर्व के महत्व को रेखांकित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि छठ में इस्तेमाल होने वाली बांस की सूप-दउरी, आम की सूखी लकड़ी, आम के पत्ते और मिट्टी के चूल्हे व बर्तन पर्यावरण के अनुकूल हैं। भगवान भास्कर और छठी मैया को अर्पित किए जाने वाले प्रसाद में केला, गन्ना, सेब, संतरा, शरीफा, सिंघाड़ा, अमरूद, नारियल, नाशपाती, अनानास और कच्ची हल्दी जैसे प्राकृतिक उत्पाद शामिल होते हैं। इस तरह पर्व की हर सामग्री हमें प्रकृति के करीब ले जाती है।
डॉ. विनीत के अनुसार, छठ की तैयारियां भी अपने आप में एक सांस्कृतिक अनुष्ठान हैं। घरों की सफाई से लेकर गेहूं धोने-सुखाने और ठेकुआ बनाने तक हर काम में शुद्धता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। मिट्टी के चूल्हे पर आम की सूखी लकड़ी से प्रसाद तैयार करने की परंपरा में परिवार के मंगल की कामना भी जुड़ी होती है। उन्होंने कहा कि घाट पर जल में खड़े होकर प्रसाद से भरे सूप के साथ सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती व्रती महिलाओं की साधना और मौन में परिवार की सुख-समृद्धि की कामना समाहित रहती है। अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य की उपासना जीवन के निरंतर प्रवाह और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देती है। मिट्टी के दीपक की लौ, धूप और अगरबत्ती की सुगंध वातावरण को पवित्र बनाती है।
उन्होंने छठ को आपसी भाईचारे और मिल्लत का पर्व बताते हुए कहा कि इसमें जाति और सामाजिक भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं है। इसकी सादगी और सहजता ही इसकी विशेष पहचान है। इस अनुष्ठान में व्रती स्वयं यजमान और पुरोहित की भूमिका निभाती हैं। छठ के पारंपरिक गीतों में लोकजीवन की स्मृतियां, आत्मीयता और परंपरा की मिठास झलकती है। डॉ. विनीत ने कहा कि छठ जैसे लोकपर्व आज के समय में और भी प्रासंगिक हैं। जब मनुष्य प्रकृति से दूर होता जा रहा है, तब यह पर्व उसे जल, मिट्टी, पेड़-पौधों और सूर्य के महत्व का एहसास कराता है। स्वच्छता, सादगी, शुचिता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला छठ लोक और प्रकृति के बीच आत्मीय संबंध को मजबूत करता है।
















