ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ का शिकंजा, ट्रेन से शराब तस्करी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

  • Post By Admin on Aug 09 2026
ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ का शिकंजा, ट्रेन से शराब तस्करी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल स्टेशन पर आरपीएफ ने ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गाड़ी संख्या 18181 के जनरेटर कोच से 26.7 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में तीन कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त ट्रेन के जनरेटर कोच में कुछ व्यक्ति शराब के साथ यात्रा कर रहे हैं। सूचना के आधार पर उन्होंने विशेष टीम गठित की और स्टेशन अधीक्षक किऊल तथा सुरक्षा नियंत्रण कक्ष दानापुर को सूचित करते हुए ट्रेन के अतिरिक्त ठहराव की व्यवस्था कराई। ट्रेन के किऊल पहुंचने पर जनरेटर कोच की तलाशी ली गई। जांच के दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों के पास एक झोला, दो पिठू बैग और एक छोटा बैग मिला, जिनमें शराब रखी हुई थी। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई और सुबह 6:43 बजे विधिवत जब्ती व गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास सिंह (47), मोहम्मद अहसान (24) और राजा कुमार (20) के रूप में हुई है। तीनों बेगूसराय जिले के बलिया थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। तलाशी में एक पिठू बैग से 180 एमएल के 65 टेट्रा पैक ऑफिसर चॉइस अंग्रेजी व्हिस्की बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 11.7 लीटर है। एक काले झोले से 500 एमएल की 27 बोतल हाइवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रांग बीयर बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 13.5 लीटर है। इसके अलावा एक बैग से 750 एमएल की एक बोतल रॉयल स्टैंग तथा दो बोतल स्मोसकी वोडका भी बरामद की गईं। आरपीएफ के अनुसार बरामद सभी शराब पर ‘फॉर सेल इन बंगाल’ अंकित था। कुल 95 अदद शराब की बरामदगी हुई, जिसकी कुल मात्रा 26.7 लीटर और अनुमानित कीमत लगभग 4045 रुपए बताई गई है।

मौके पर मौजूद यात्रियों से गवाह बनने का अनुरोध किया गया, लेकिन उन्होंने कानूनी प्रक्रिया में पड़ने से इंकार कर दिया। इसके बाद छापेमारी दल में शामिल आरपीएफ कर्मियों को गवाह बनाकर जब्ती सूची तैयार की गई और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई। कार्रवाई के बाद बरामद शराब, जब्ती से संबंधित दस्तावेज तथा गिरफ्तार तीनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद थाना लखीसराय को सौंप दिया गया है।

छापेमारी दल में आरपीएफ निरीक्षक प्रशांत कुमार, सहायक उपनिरीक्षक लालजीत कुमार सिंह, आरक्षी मुन्ना कुमार, आरक्षी शिवशंकर कुमार तथा आरक्षी सुरेंद्र पासवान शामिल थे। रेल सुरक्षा बल ने बताया कि ऑपरेशन सतर्क के तहत ट्रेनों में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।