मुजफ्फरपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर सूर्यी देवी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से गुरुवार को छठ व्रतियों के बीच साड़ी और पूजन सामग्री का वितरण किया गया। शहर के मांझी टोला, बीएमपी-6, कन्हौली में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं ने हिस्सा लिया। सामग्री पाकर उनके चेहरे पर खुशी नजर आई।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष गौतम भारती, संस्थापक एवं सचिव अनिल कुमार अनल, हृषु आर्य, राजीव कुमार साह और संजय रजक सहित अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर छठ व्रतियों को साड़ी और पूजन सामग्री वितरित की। ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, परंपरा, पवित्रता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। जरूरतमंद व्रती महिलाओं की सेवा करना उनके लिए सामाजिक दायित्व के साथ-साथ पुण्य का कार्य है। उन्होंने बताया कि सूर्यी देवी मेमोरियल ट्रस्ट वर्ष 2009 से अपनी क्षमता के अनुसार सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों में योगदान देता आ रहा है।
ट्रस्ट की ओर से भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों की सहायता और समाजसेवा के ऐसे कार्य जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी व्रतियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताते हुए उनके सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।
















