लखीसराय : लोक आस्था के महापर्व छठ के शुभारंभ पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पर्यावरण भारती की ओर से शुक्रवार को रसलपुर, मेदनीचौकी में फलदार एवं औषधीय गुणों से युक्त जामुन के पौधे लगाए गए। पौधारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व हिमालय ने किया, जबकि सुनील कुमार पोद्दार ने सहयोग दिया।

इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि बिहार का छठ पर्व केवल धार्मिक आस्था का त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति वंदन, पर्यावरण संरक्षण और भगवान सूर्य की उपासना का महापर्व है। यह पर्व मनुष्य को प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उसके संरक्षण का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि छठ व्रती नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में खड़े होकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। यह परंपरा जल के महत्व का बोध कराती है। जल ही जीवन का आधार है, इसलिए नदियों, तालाबों और अन्य जलस्रोतों को स्वच्छ रखना सभी का दायित्व है।

राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि छठ पूजा में प्रकृति से प्राप्त फल, फूल, गन्ना, नारियल, केला, नींबू और अन्य कृषि उत्पादों का उपयोग किया जाता है। यह परंपरा अधिक से अधिक फलदार पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक और पॉलीथिन का उपयोग छोड़कर कपड़े के थैले अपनाने की अपील की। उन्होंने छठ को स्वच्छता और सामूहिक श्रम का पर्व बताते हुए कहा कि श्रद्धालु श्रमदान कर घाटों की सफाई करते हैं। इससे प्रेरणा लेकर पूरे वर्ष अपने घर, आसपास और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल, जमीन, जंगल, वायु, अग्नि और आकाश सहित प्रकृति के सभी तत्व मानव जीवन के आधार हैं। इसलिए पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और हरे पेड़ों की कटाई रोकने की जरूरत है।

कार्यक्रम में सुनील कुमार पोद्दार, प्रिंस कुमार पोद्दार, हिमालय, सत्येंद्र कुमार, दीपक सुन्दरम, मनीष राज, राम बिलास शाण्डिल्य, अक्षत राज, रुद्र कुमार, सौरभ कुमार, अभिमन्यु और दयानंद शर्मा सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।