बिहार के इस जिले में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का कार्यक्रम, जानें पूरी डिटेल्स
- Post By Admin on Mar 05 2025

बांका : बागेश्वर धाम के सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बिहार के बांका जिले के धोरैया प्रखंड के गौरा गांव में 9 मार्च को एक भव्य धार्मिक आयोजन में भाग लेने आ रहे हैं। यहां ताहिरपुर-गौरा पंचायत में नवनिर्मित दुर्गा मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के लिए 4 से 13 मार्च तक महायज्ञ सह मंदार महाकुंभ उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में कई प्रसिद्ध संत-महात्मा और विद्वान शामिल होंगे।
कार्यक्रम की प्रमुख जानकारी
• 4 मार्च : 5101 कलशों के साथ भव्य कलश शोभायात्रा का आयोजन होगा।
• 5 मार्च : सहस्त्र चंडी महायज्ञ की शुरुआत होगी, जिसमें गुरुधाम बौंसी के आचार्य गौरव कृष्ण चंद्र शास्त्री के मार्गदर्शन में यज्ञ मंडप में चारों वेदों के आचार्यों द्वारा अग्नि अधिष्ठापन होगा। श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन रात्रि में होगा।
• 6 मार्च : द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती जी महाराज का आगमन और उनका आशीर्वचन होगा।
• 7 मार्च : शंकराचार्य स्वामी सदानंद के दिव्य सानिध्य में मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा का शुभारंभ होगा।
• 8 मार्च : गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का आगमन और उनका आशीर्वचन होगा।
• 9 मार्च : बागेश्वर धाम के सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का हेलीकॉप्टर से आगमन होगा। इस दिन मंदिर में मां दुर्गा, सरस्वती, शिव-पार्वती, राम दरबार और कृष्ण दरबार की प्राण प्रतिष्ठा होगी। संध्या 6 बजे काशी के विद्वान पंडितों द्वारा गंगा महाआरती के तर्ज पर माता दुर्गा की महाआरती होगी।
इसके अलावा, 9 से 12 मार्च तक आचार्य गौरव कृष्ण चंद्र शास्त्री द्वारा भक्तमाल की कथा और संत समागम का आयोजन होगा। 13 मार्च को महाप्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में देशभर से कई संत-महात्माओं के अलावा बिहार और झारखंड के राज्यपाल के आने की संभावना है। साथ ही, संगीतमहाल के आयोजन में गायिका स्वाति मिश्रा, किशन कुमार, देवी और शिवेश मिश्रा जैसे कलाकार भी भजन प्रस्तुत करेंगे। इस महाकुंभ उत्सव को लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह है और सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।