लखीसराय : लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर छोटी दुर्गा स्थान में सेवा और सहयोग की मिसाल पेश की गई। यहां 251 छठव्रतियों के बीच साड़ी, सूप, नारियल सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों का वितरण किया गया। इस पहल में समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर जरूरतमंद व्रतियों की सहायता की।

वितरण कार्यक्रम के दौरान छठव्रतियों को सूप, साड़ी, नारियल, चावल, सांचा, माचिस, बाती, घी, सिंदूर, डलिया, नारियल, नींबू, अनानास, पंचमेवा, कपूर और अगरबत्ती सहित पूजा में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री भेंट की गई। पूजन सामग्री पाकर व्रतियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। आयोजकों ने व्रतियों से आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इस अवसर पर डॉ. अमित कुमार, डॉ. रूपा कुमारी, दृष्टि किरण के प्रोपराइटर नीतीश सिंह, नगर परिषद के चेयरमैन अरविंद पासवान, वेद ग्रुप की चेयरमैन प्रेम प्रिया कुमारी, डॉ. एसएन भारती और डॉ. आरबी दास सहित कई गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में छोटी दुर्गा स्थान के सचिव सुरेश ड्रोलिया, उपाध्यक्ष राजनीति प्रसाद गुप्ता, कोषाध्यक्ष अरविंद सोनी, संयुक्त मंत्री कृष्ण मुरारी, वरुण माणिक, अरविंद केडी, बंटी डालमिया, कुंदन सिंह, विवेक छापड़िया, संजीव सोनी, दानी, विक्की मोहरी, अंशु, विजय, प्रियांशु, हर्ष राज और अभिषेक कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजकों ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और उपासना के साथ-साथ सामाजिक एकता, सहयोग और सेवा का भी संदेश देता है। इस अवसर पर छठव्रतियों की सहायता करना सेवा और समर्पण का भाव है। छोटी दुर्गा स्थान की यह पहल समाज में आपसी सहयोग और मानवीय संवेदना को मजबूत करने का प्रयास है।