लखीसराय : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सूर्यगढ़ा के बाजारों और ग्रामीण इलाकों में रौनक बढ़ गई है। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ अनुष्ठान की शुरुआत होते ही पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। व्रती और उनके परिजन पर्व की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
छठ को लेकर बाजारों में सुबह से ही खरीदारों की चहल-पहल बनी रही। नहाय-खाय के प्रसाद के लिए कद्दू की जमकर खरीदारी हुई। वहीं, बांस से बने सूप और दउरा की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ देखी गई। घरों में छठ प्रसाद तैयार करने की तैयारी के तहत छतों और खुले स्थानों पर गेहूं सुखाया जा रहा है। पर्व की शुद्धता और परंपराओं को ध्यान में रखते हुए घरों की साफ-सफाई भी की जा रही है।
दूसरी ओर, छठ घाटों की सफाई का काम लगभग पूरा होने के करीब है। घाटों पर रोशनी की व्यवस्था को लेकर तैयारियां चल रही हैं। सलेमपुर और रामपुर गांव में तालाबों को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। तालाबों से गंदा पानी निकालकर स्वच्छ जल का संग्रह किया गया है, ताकि व्रतियों को अर्घ्य अर्पित करने में सुविधा हो। घाटों पर चल रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए नगर परिषद के सदस्यों ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण भी किया। छठ को लेकर बाजार से लेकर घाटों तक उत्साह और तैयारियों का माहौल बना हुआ है।
















