कटिहार: जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को छठ के नहाय-खाय के दिन भीषण सड़क हादसा हो गया। नारायणपुर कुतुबपुर के पास गंगा स्नान के लिए जा रही स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े बालू लदे ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

स्कॉर्पियो में कुल छह लोग सवार थे। सभी मनिहारी गंगा घाट पर स्नान करने जा रहे थे। बताया गया कि ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मृतकों की पहचान 68 वर्षीय शंभू सिंह, उनकी पत्नी उषा सिंह और पड़ोस की मंजू रानी शाह के रूप में हुई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक बच्ची और वाहन चालक की हालत गंभीर बताई गई है।