लखीसराय : कार्तिक छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और संभावित हादसों से बचाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम तैनात की जा रही है। बिहटा स्थित एसडीआरएफ मुख्यालय से दो मोटरबोट और आठ जवानों की टीम लखीसराय पहुंचेगी। वहीं, शुक्रवार को जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने सूर्यगढ़ा प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।

समाहरणालय की आपदा प्रबंधन शाखा की ओर से 12 नवंबर को जारी निर्देश के अनुसार, छठ महापर्व के दौरान संभावित दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों से निपटने के लिए बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग ने लखीसराय सहित राज्य के दस जिलों में एसडीआरएफ की टीम प्रतिनियुक्त की है। जिला प्रशासन को जवानों के रहने, परिवहन, पेयजल, बिजली और शौचालय सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था करने को कहा गया है। मोटरबोट और वाहनों के संचालन के लिए ईंधन भी उपलब्ध कराया जाएगा। एसडीआरएफ टीम के साथ जिले के प्रशिक्षित गोताखोरों और मोटरबोट चालकों को भी जोड़ा जाएगा। इसके अलावा स्थानीय गोताखोरों, तैराकों, प्रशिक्षित होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों की सेवा लेने का निर्देश दिया गया है। नदी में बचाव कार्य को प्रभावी बनाने के लिए कम से कम दो मोटरबोट एक स्थान पर तैनात रखने की व्यवस्था की गई है।

सूर्यगढ़ा के कई घाटों का डीएम ने किया निरीक्षण

शुक्रवार को जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता और अंचल अधिकारी ने सूर्यगढ़ा प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का जायजा लिया। इस दौरान पोखरामा, खैरा-कजरा, पीरी बाजार तालाब, कसबा तालाब, महा तालाब, मसूदन तालाब, सलेमपुर तालाब और पटेलपुर गंगा घाट सहित अन्य घाटों पर तैयारियों की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, गोताखोरों और आपदा मित्रों की तैनाती की स्थिति देखी गई। पटेलपुर से बंशीपुर तक नदी में गश्ती करने के लिए एसडीआरएफ की टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए।

पोखरामा सूर्य मंदिर घाट पर पूजा समिति के अध्यक्ष और सदस्यों को अगले दिन तक सभी तैयारियां पूरी करने को कहा गया। तालाब में बैरिकेडिंग कराने और माइकिंग के जरिए श्रद्धालुओं को गहरे पानी में नहीं जाने के लिए लगातार जागरूक करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सीढ़ियों से ही अर्घ्य देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। योगपुर-खेड़ा घाट पर तालाब की गहराई को देखते हुए अंचल अधिकारी को नाव के साथ गोताखोर तैनात करने का निर्देश दिया गया। मसूदन घाट और कसबा तालाब पर भी साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा गया।

मेदनी गांव छठ घाट और कसबा तालाब तक पहुंचने के लिए रेलवे लाइन पार करने की स्थिति को देखते हुए पीरी बाजार थाना प्रभारी को रेल पुलिस के सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। पीरी बाजार तालाब घाट पर ग्राम पंचायत राज घोसैत के मुखिया ने बताया कि अधिकांश साफ-सफाई पूरी हो चुकी है और बैरिकेडिंग तथा प्रकाश व्यवस्था का काम अगले दिन तक पूरा कर लिया जाएगा। इस दौरान उप विकास आयुक्त ने मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी को तालाब किनारे पौधारोपण, पेवर ब्लॉक लगाने और ग्रामीण हाट विकसित करने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा।

कई घाटों पर होगी नदी में गश्ती और निगरानी

जिलाधिकारी ने सूर्यगढ़ा-पटेलपुर पुल स्थित छठ घाट पर एसडीआरएफ की टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। एसडीआरएफ की दो टीमें गठित कर रसूलपुर, बंशीपुर, खावा राजपुर, अवगिल रामपुर, हुसैना और मेदनीचौकी के विभिन्न घाटों पर निगरानी तथा नदी में गश्ती करने का निर्देश दिया गया। बाबा घाट, निस्ता, खेतरखणी स्थान और अलीनगर (खर्री) सहित अन्य घाटों पर भी लगातार निगरानी रखने को कहा गया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता में रहे। सभी घाटों पर रोशनी, बैरिकेडिंग, गोताखोर, आपदा मित्र और अन्य जरूरी इंतजाम समय पर पूरे किए जाएं, ताकि छठव्रती और श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में पर्व मना सकें।