लखीसराय : जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने और पशुपालकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। शुक्रवार को सूर्यगढ़ा प्रखंड के भ्रमण के दौरान जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने अतिरिक्त ग्रिड सब-स्टेशन के निर्माण के लिए चिह्नित जमीन और नवनिर्मित पशु चिकित्सालय का निरीक्षण किया।
जिले में विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए सूर्यगढ़ा प्रखंड में अभयपुर और कजरा के बीच अमुहारा गांव स्थित पशु चिकित्सालय के समीप लगभग 25 एकड़ चिह्नित भूमि का जायजा लिया गया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों से प्रस्तावित स्थल की स्थिति और उपलब्ध जमीन के संबंध में जानकारी ली। यहां ग्रिड सब-स्टेशन बनने से जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा बेरियापुर पंचायत के अम्बारी गांव में भी विद्युत विभाग की ओर से ग्रिड सब-स्टेशन के लिए चिह्नित जमीन का निरीक्षण किया गया। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पदाधिकारी ने उसी दिन बिहार सरकार के ऊर्जा विभाग के सचिव को पत्र भेजा।
भ्रमण के दौरान डीएम ने नवनिर्मित पशु चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जिला पशुपालन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि पशु चिकित्सालय का विधिवत हस्तांतरण प्राप्त कर वहां तत्काल चिकित्सा सेवाएं शुरू कराई जाएं। इससे आसपास के पशुपालकों को अपने पशुओं के इलाज के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिल सकेगी। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, विद्युत प्रमंडल लखीसराय के कार्यपालक अभियंता सुमित सौरभ, सूर्यगढ़ा के प्रखंड विकास पदाधिकारी मंजुल मनोहर मधुप सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।
















