मुजफ्फरपुर: जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में मैठी टोल के पास गुरुवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-27 किनारे झाड़ियों में 55 वर्षीय कमलेश राय का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। उनके शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान पाए गए हैं।
परिजनों के अनुसार, कमलेश राय बुधवार रात करीब 9:30 बजे एक ट्रक को टोल से पास कराने के लिए निकले थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। परिवार ने रातभर उनकी तलाश की। गुरुवार सुबह घर से लगभग 500 मीटर दूर उनका शव मिला।
मृतक के भाई ने जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े विवाद में हत्या की आशंका जताई है। कमलेश पिछले करीब एक साल से जमीन के कारोबार से जुड़े थे। पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं और टोल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल हत्या की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
















