बिहार में आसमानी कहर, वज्रपात से 8 लोगों की मौत; बांका में पिता-पुत्र समेत 6 की गई जान

  • Post By Admin on Aug 03 2026
बिहार में आसमानी कहर, वज्रपात से 8 लोगों की मौत; बांका में पिता-पुत्र समेत 6 की गई जान

पटना: बिहार में रविवार को मौसम ने जानलेवा रूप ले लिया। राज्य के विभिन्न जिलों में हुई वज्रपात की घटनाओं में कुल आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग झुलस गए। सबसे अधिक प्रभावित बांका जिला रहा, जहां पिता-पुत्र समेत छह लोगों की मौत हुई। वहीं जमुई और कटिहार में भी एक-एक व्यक्ति की जान चली गई।

बांका जिले के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत खावा गांव में 35 वर्षीय ब्रह्मदेव यादव अपने सात वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के साथ खेत में काम कर रहे थे। रविवार को स्कूल बंद होने के कारण प्रिंस अपने पिता के साथ खेत गया था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया। दोनों बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए, तभी तेज वज्रपात हुआ और दोनों उसकी चपेट में आ गए। घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। इसके अलावा बांका जिले के गोल्हू, लीलाबरण, अमरपुर प्रखंड के सलेमपुर तथा बाराहाट प्रखंड के दफापुर गांव में भी वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में चार अन्य किसानों की मौत हो गई। इन हादसों के बाद गांवों में मातम का माहौल है। वहीं, जमुई और कटिहार जिलों में भी आकाशीय बिजली गिरने से एक-एक व्यक्ति की मौत की सूचना है। अचानक हुई इन घटनाओं से प्रभावित क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

बांका के रजौन और चांदन प्रखंड में वज्रपात की चपेट में आने से आठ अन्य लोग झुलस गए। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। घटनाओं के बाद जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकारी प्रावधानों के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील भी की है।