जुब्बा साहनी पार्क में गूंजी देशभक्ति की धुनें, सीआरपीएफ बैंड डिसप्ले ने मोहा दिल
- Post By Admin on Aug 09 2026
मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर के ऐतिहासिक जुब्बा साहनी पार्क में रविवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा आकर्षक बैंड डिसप्ले कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देशभक्ति और अनुशासन की भावना से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम ने उपस्थित नागरिकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का आयोजन सीआरपीएफ के महानिरीक्षक राकेश कुमार सिंह के कुशल निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर मुजफ्फरपुर की मेयर निर्मला साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ सहायक कमांडेंट विकास कुमार सिंह, निरीक्षक उमेश कुमार सिंह तथा सहायक उप निरीक्षक लोकेश पांडे भी मौजूद रहे। सीआरपीएफ बैंड ने देशभक्ति गीतों और मनमोहक धुनों की प्रस्तुति देकर लोगों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा और बच्चे शामिल हुए और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजकों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सीआरपीएफ द्वारा शहर में ऐसे सांस्कृतिक और प्रेरणादायी कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में अगला बैंड डिसप्ले कार्यक्रम 12 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे खुदीराम बोस पार्क में आयोजित होगा, जबकि 14 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे लंगट सिंह कॉलेज परिसर में विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। सीआरपीएफ अधिकारियों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर जवानों का उत्साह बढ़ाएं और देशभक्ति से जुड़े इस विशेष आयोजन का हिस्सा बनें।