कांवरिया पथ पर नित्यानंद राय ने की श्रद्धालुओं की सेवा, बोले सेवा ही शिव साधना

  • Post By Admin on Aug 09 2026
कांवरिया पथ पर नित्यानंद राय ने की श्रद्धालुओं की सेवा, बोले सेवा ही शिव साधना

बांका: श्रावणी मेले के पावन अवसर पर कांवरिया पथ स्थित टोना पाथर, कटोरिया में बोल बम सेवा समिति द्वारा लगाए गए सेवा शिविर में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय पहुंचे और बाबा बैद्यनाथ के दर्शन को जा रहे कांवरिया श्रद्धालुओं की सेवा की।

शिविर में पहुंचकर उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सेवा कार्य में जुटे समिति के कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया तथा कई कांवरियों की व्यक्तिगत रूप से सेवा भी की। नित्यानंद राय ने कहा कि श्रावणी मेला केवल आस्था और भक्ति का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले लाखों शिवभक्तों की सेवा करना अपने आप में पुण्य का कार्य है और सेवा ही भगवान शिव की सच्ची साधना है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं और स्थानीय लोग दिन-रात कांवरियों की सेवा में लगे हुए हैं, वह बिहार की सेवा भावना और सनातन संस्कृति की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत करता है। बोल बम सेवा समिति के कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि गर्मी, बारिश और कठिन यात्रा के बावजूद श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उनका समर्पण प्रेरणादायक है।

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था के साथ उनकी सुविधा और सुरक्षा भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशासन, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों के सहयोग से कांवरिया पथ पर चल रहा सेवा अभियान और अधिक प्रभावी बन रहा है। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना की कि भगवान भोलेनाथ सभी श्रद्धालुओं को सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य प्रदान करें तथा बिहार और देश को निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाएं।