ससुराल में जलायी गई महिला की एसकेएमसीएच में मौत, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

  • Post By Admin on Aug 09 2026
ससुराल में जलायी गई महिला की एसकेएमसीएच में मौत, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

मुजफ्फरपुर: सीतामढ़ी जिले के बोखड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली पिंकी कुमारी की मुजफ्फरपुर स्थित एसकेएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने उन्हें जिंदा जला दिया और समय पर कार्रवाई नहीं करने के कारण पुलिस की लापरवाही से यह घटना हुई।

परिजनों के अनुसार पिंकी कुमारी लंबे समय से ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान थीं और इसकी शिकायत कई बार बोखड़ा थाने में की गई थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद न तो प्रभावी कार्रवाई की गई और न ही उन्हें किसी प्रकार का संरक्षण दिया गया। बताया गया कि पिछले सप्ताह पिंकी को गंभीर रूप से जला दिया गया था। वह लगभग 80 प्रतिशत तक झुलस गई थीं और एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर में भर्ती थीं, जहां शुक्रवार की अहले सुबह करीब पांच बजे उनकी मौत हो गई। मृतका के तीन छोटे बच्चे बताए जा रहे हैं।

पीड़ित परिवार ने बोखड़ा थानाध्यक्ष पर कार्रवाई में हिलाहवाली का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय पर पुलिस कार्रवाई होती तो पिंकी की जान बच सकती थी। परिवार का यह भी आरोप है कि अब तक सभी दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस मामले में बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत मानवाधिकार मामलों के अधिवक्ता एस.के. झा के माध्यम से दी गई है। अधिवक्ता ने इसे गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन का मामला बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।