लखीसराय में कृषि मंत्री ने सुनीं जनसमस्याएँ, संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
- Post By Admin on Aug 09 2026
लखीसराय : लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में रविवार को आयोजित जनकल्याण संवाद कार्यक्रम में बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने कृषि, सिंचाई, सड़क, बिजली, राजस्व और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएँ मंत्री के समक्ष रखीं। कृषि मंत्री ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित तथा प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण संवाद जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों को अपनी समस्याएँ सीधे जनप्रतिनिधियों तक पहुँचाने का अवसर मिलता है, जिससे प्रशासनिक जवाबदेही और जनसहभागिता दोनों मजबूत होती हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई कर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। लोगों ने अपनी समस्याओं को सीधे मंत्री के समक्ष रखने के अवसर को सकारात्मक पहल बताया। मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा ने बताया कि जनकल्याण संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करना है।