पटना : देश आज 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इसी मौके पर पटना समेत पूरे बिहार में भी जश्न का माहौल है। पटना में गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य कार्यक्रम गांधी मैदान में आयोजित किया गया है। 74वें गणतंत्र दिवस पर लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने भी झंडोत्तोलन किया। उन्होंने पूरे देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। चिराग पासवान ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर हमें ना सिर्फ शहीदों को बल्कि उनके परिवार को भी आज के दिन याद करना चाहिए। देश की अस्मिता को बनाए रखने की जरूरत है। चिराग ने कहा कि आज के दिन हमारे संविधान के रचयिता भीमराव अंबेडकर जिनकी वजह से ही देश इतनी खूबसूरती से विकास के पथ पर आगे बढ़ने का काम कर रहा है। जो सीख बाबा साहेब आंबेडकर के माध्यम से देशवासियों को दी है उसी का निर्वहन आज हमलोग कर रहे हैं।
चिराग पासवान ने महागठबंधन के बीच मचे घमासान को लेकर कहा कि यह उनका व्यक्तिगत मामला है। जहां एक तरफ उपेंद्र कुशवाहा का सवाल है तो वह सही कह रहे हैं, कोई अपना हिस्सा क्यों छोड़ेगा। लेकिन जिस तरह से मुख्यमंत्री का बयान आता है कि जिसको जहां जाना है जा सकता है, यह मुख्यमंत्री की सोच को दर्शाता है। यह वही मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपमानित कर दिया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पीएम बनने के सवाल पर चिराग ने कहा कि, बिहार में नीतीश कुमार कब तक झंडोत्तोलन कर पाएंगे पहले इसकी चिंता उनको करनी चाहिए। उन्हें अभी से ही देश के बारे में नहीं सोचना चाहिए। उनके लिए लाल किला तो बहुत दूर है, बिहार में कब तक हो झंडोत्तोलन कर पाएंगे यह सोचना चाहिए। सीएम से उन्हीं के गठबंधन दल बिहार में झंडा फहराने की शक्ति छीनने का प्रयास कर रहे हैं, यह चिंता उनको ज्यादा होनी चाहिए कि बिहार में वह कब तक झंडोत्तोलन करेंगे देश बहुत दूर की बात है।




















