नीतीश सरकार का बड़ा फैसला, बिहार पुलिस में 71 आईपीएस का ट्रांसफर

  • Post By Admin on Jan 09 2026
नीतीश सरकार का बड़ा फैसला, बिहार पुलिस में 71 आईपीएस का ट्रांसफर

पटना : बिहार सरकार ने पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए एक साथ 71 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। इस बड़े निर्णय के तहत कई जिलों को नए एसपी और एसएसपी मिले हैं, वहीं मुख्यालय, साइबर, रेल, एसटीएफ और मद्यनिषेध इकाइयों में भी वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

मुजफ्फरपुर जिले में सुशील कुमार की जगह कान्तेश कुमार मिश्रा को नया वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बनाया गया है। वहीं सिटी एसपी के रूप में कोटा किरण कुमार की जगह मोहम्मद मोहिबुल्लाह अंसारी की नियुक्ति की गई है।

शिवहर के एसपी शैलेश कुमार सिन्हा का तबादला कर उन्हें बेगूसराय का डीआईजी बनाया गया है। भागलपुर के सिटी एसपी शुभांक मिश्रा को शिवहर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल में रामानंद कौशल को नया एसपी बनाया गया है।

वरिष्ठ स्तर पर भी अहम बदलाव किए गए हैं। पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) रहीं प्रीता वर्मा को बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम का अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। कुन्दन कृष्णन को पुलिस महानिदेशक (अभियान) विशेष कार्य बल में तैनात किया गया है, साथ ही उन्हें विशेष शाखा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं सुनील कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) की जिम्मेदारी दी गई है।

जिलों की कमान में हुए बदलाव के तहत गया में सुशील कुमार, भागलपुर में प्रमोद कुमार यादव और सारण में विनीत कुमार को नया एसएसपी बनाया गया है। इसके अलावा सिवान में पूरन कुमार झा, अरवल में नवजोत सिमी और वैशाली में विक्रम सिहाग को पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थापित किया गया है।

आईजी और डीआईजी स्तर पर भी नई नियुक्तियां की गई हैं। रंजीत कुमार मिश्रा को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई का आईजी बनाया गया है, जबकि मनोज कुमार को आईजी (मुख्यालय) की जिम्मेदारी दी गई है। आकाश कुमार को साइबर इकाई में डीआईजी और अनंत कुमार राय को रेल एसपी पटना नियुक्त किया गया है।

साइबर सुरक्षा और मद्यनिषेध को मजबूत करने के उद्देश्य से डॉ. अमित कुमार जैन को अपर पुलिस महानिदेशक मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो में स्थायी तैनाती दी गई है। संजय कुमार को आईजी, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बनाया गया है।

पटना और आसपास के क्षेत्रों में भी बदलाव किए गए हैं। सागर कुमार को पटना का नया ट्रैफिक एसपी बनाया गया है, जबकि अपराजित को जहानाबाद का एसपी नियुक्त किया गया है। दिव्यांजली जायसवाल को पटना में एसडीपीओ-2 (विधि-व्यवस्था) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार यह तबादला आदेश राज्यपाल के निर्देश पर उप सचिव एम. एस. रिजवानी द्वारा जारी किया गया है। सरकार का कहना है कि इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी और जनोन्मुखी बनाना है।