भौतिकी विभाग में खेल और वेलनेस के लिए नया सेल, कुलपति ने किया उद्घाटन

  • Post By Admin on Jan 08 2026
भौतिकी विभाग में खेल और वेलनेस के लिए नया सेल, कुलपति ने किया उद्घाटन

मुजफ्फरपुर : बीआर अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के केपीजी भौतिकी विभाग में नवनिर्मित डिपार्टमेंटल स्पोर्ट्स एंड वेलनेस सेल का उद्घाटन कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने किया। इस सेल में इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, इंडोर टेबल टेनिस टेबल्स के साथ-साथ योग एवं ध्यान कक्ष और फिटनेस जोन जैसी वेलनेस सुविधाएं शामिल हैं।

उद्घाटन अवसर पर कुलपति प्रो. राय ने कहा कि पिछले दो वर्षों में विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए व्यापक प्रयास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ईस्ट जोन अंतर विश्वविद्यालय वॉलीबॉल चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया और भौतिकी विभाग की वॉलीबॉल टीम ने चार दशक बाद सुपर लीग में स्थान बनाया।

प्रो. राय ने कहा कि कॉलेजों और पीजी विभागों में खेल संस्कृति का विकास विश्वविद्यालय के समग्र खेल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विभागीय स्तर पर ऐसे स्पोर्ट्स एंड वेलनेस सेल से छात्रों के सर्वांगीण विकास में मदद मिलेगी। खेल और फिटनेस गतिविधियाँ न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं, बल्कि शैक्षणिक प्रदर्शन में भी सकारात्मक योगदान देती हैं, जिससे छात्रों की स्मृति, एकाग्रता और सीखने की क्षमता में सुधार होगा। कुलपति ने छात्रों से अधिक से अधिक खेलों में भाग लेने और विश्वविद्यालय की ईस्ट जोन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

इससे पहले भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता सिन्हा ने कुलपति का स्वागत किया। उद्घाटन समारोह में इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष प्रो. संजय कुमार, प्रो. नवेदुल हक, प्रो. ललन झा, डॉ. सर्वेश दुबे, डॉ. पिनाकी लाहा, डॉ. अशोक साह, डॉ. जीतेश त्रिपाठी, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. अर्चना शर्मा और डॉ. रविंद्र कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।