एनएच-33 परियोजना की समीक्षा, दो दिनों में सर्वे पूरा करने का दिया अल्टीमेटम

  • Post By Admin on Feb 12 2026
एनएच-33 परियोजना की समीक्षा, दो दिनों में सर्वे पूरा करने का दिया अल्टीमेटम

लखीसराय : जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में मुंगेर–मोकामा एक्सप्रेसवे (एनएच-33) परियोजना की प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अंचल अधिकारी एवं अमीन उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान बताया गया कि एनएच-33 परियोजना के तहत लखीसराय जिले के पांच अंचलों—बड़हिया, पिपरिया, चानन, सूर्यगढ़ा और लखीसराय—में सर्वेक्षण कार्य चल रहा है। पिपरिया और चानन अंचल में सर्वे कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है, जबकि बड़हिया और लखीसराय अंचल के दो मौजों में सर्वे कार्य अंतिम चरण में है, जिसे दो दिनों के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया। वहीं सूर्यगढ़ा अंचल के पांच मौजों में सर्वे कार्य अब भी लंबित है, जिस पर जिला पदाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष सर्वे कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा कर खेसरा पंजी तैयार करना सुनिश्चित करें, ताकि परियोजना के आगे के चरणों में कोई बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि मुंगेर–मोकामा एक्सप्रेसवे परियोजना जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे क्षेत्र में आवागमन, व्यापार और निवेश को नई गति मिलेगी।

जिला प्रशासन द्वारा परियोजना की लगातार निगरानी की जा रही है और अगले सप्ताह पुनः समीक्षा बैठक कर प्रगति का आकलन किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

बैठक में भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी और सर्वे कार्य से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।