जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ, युवा खिलाड़ियों ने दिखाया जोश
- Post By Admin on Feb 12 2026
लखीसराय : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में "मेरा युवा भारत" के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को गांधी मैदान, लखीसराय में हुआ। कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन उप विकास आयुक्त सुमित कुमार एवं जिला खेल पदाधिकारी मृणाल रंजन ने किया। उद्घाटन के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे परिसर में खेल भावना का माहौल बना रहा।
इस प्रतियोगिता में जिले के चार क्लस्टर—बड़हिया, लखीसराय, रामगढ़ और सूर्यगढ़ा—में पहले आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ी जिला स्तर पर भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में पुरुष कबड्डी, पुरुष वॉलीबॉल, महिला 400 मीटर दौड़, महिला लंबी कूद, पुरुष 400 मीटर दौड़ और पुरुष लंबी कूद जैसी प्रमुख विधाएं शामिल हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन 12 फरवरी को पुरुष कबड्डी के साथ बालिकाओं की 400 मीटर दौड़ और लंबी कूद की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। वहीं दूसरे दिन 13 फरवरी को पुरुष वॉलीबॉल, पुरुष 400 मीटर दौड़ और पुरुष लंबी कूद की प्रतियोगिताएं होंगी। सभी स्पर्धाओं में विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार वितरण समारोह 13 फरवरी को आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन में "माय भारत" के स्वयंसेवकों—सदाशिव कुमार, मुरारी कुमार (हलसी), अंकुश कुमार, सीमा कुमारी, मनीष यदुवंशी एवं चंदन कुमार—की भूमिका सराहनीय रही।
उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और उनमें अनुशासन, टीम भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।