एलएस कॉलेज से मानव तस्करी और बाल श्रम के खिलाफ 'नया सवेरा 3.0' अभियान का आगाज
- Post By Admin on Jul 18 2026
मुजफ्फरपुर : मानव तस्करी, बंधुआ श्रम और बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से लंगट सिंह महाविद्यालय के आचार्य जे.बी. कृपलानी सभागार में शनिवार को 'नया सवेरा 3.0' जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। कमजोर वर्ग, अपराध अनुसंधान विभाग (बिहार, पटना) के तत्वावधान में आयोजित यह अभियान 18 से 25 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस अवसर पर कॉलेज प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि मानव तस्करी, बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी जैसी कुरीतियां समाज के माथे पर कलंक हैं। इनका उन्मूलन केवल कानून के बल पर संभव नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एलएस कॉलेज के विद्यार्थी इस अभियान के माध्यम से समाज के कमजोर और शोषित वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कॉलेज प्रशासन ऐसे सामाजिक और कानूनी जागरूकता अभियानों में हमेशा सहयोग करता रहेगा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में 'निर्देश' संस्था के कानूनी सलाहकार आमोद कुमार, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) मुजफ्फरपुर की पुष्पा कुमारी तथा विश्वविद्यालय थाना की थानाध्यक्ष सरिता कुमारी ने मानव तस्करी, बंधुआ श्रम और बाल श्रम से संबंधित कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत मानव तस्करी से जुड़ी धाराओं, नाबालिगों की तस्करी, बंधुआ श्रम पद्धति (उन्मूलन) अधिनियम, 1976 तथा बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों और दोषियों के लिए निर्धारित कड़ी सजा के बारे में विस्तार से बताया।
वक्ताओं ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी मानव तस्करी, बाल श्रम या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन प्रो. एस.आर. चतुर्वेदी ने किया। इस अवसर पर प्रो. टी.के. डे, प्रो. पुष्पा कुमारी, डॉ. शशिकांत पाण्डेय, डॉ. वेदप्रकाश दुबे, डॉ. रीमा कुमारी, डॉ. संध्या कुमारी, डॉ. अंजना, डॉ. आनंद कुमार सहित महाविद्यालय के कई शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।