बीआरएबीयू ने 358 अतिथि प्राध्यापकों का बढ़ाया कार्यकाल, अधिसूचना जारी

  • Post By Admin on Jul 18 2026
बीआरएबीयू ने 358 अतिथि प्राध्यापकों का बढ़ाया कार्यकाल, अधिसूचना जारी

मुजफ्फरपुर : बीआर अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) के अंगीभूत कॉलेजों एवं स्नातकोत्तर (पीजी) विभागों में कार्यरत 358 अतिथि सहायक प्राध्यापकों को 11 माह के लिए सेवा विस्तार प्रदान किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. समीर कुमार शर्मा द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, अतिथि प्राध्यापकों का सेवा विस्तार 1 जुलाई 2026 से आगामी 11 महीनों के लिए प्रभावी होगा। यह निर्णय विश्वविद्यालय चयन समिति की अनुशंसा पर लिया गया है। चयन समिति ने संबंधित कॉलेजों के प्राचार्यों की रिपोर्ट के आधार पर सेवा विस्तार को स्वीकृति प्रदान की।

सेवा विस्तार मिलने के बाद अतिथि प्राध्यापकों में खुशी का माहौल है। अतिथि प्राध्यापक संघ ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय एवं कुलसचिव डॉ. समीर कुमार शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस निर्णय का स्वागत किया। संघ के अध्यक्ष डॉ. ललित किशोर, महासचिव डॉ. राघव कुमार सहित डॉ. रंजीत कुमार, डॉ. सर्वेश्वर कुमार सिंह, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. संजय कुमार यादव, डॉ. दिगंबर झा और अन्य सदस्यों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस निर्णय से अतिथि प्राध्यापकों को शैक्षणिक कार्यों के संचालन में निरंतरता मिलेगी और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।