एलएस कॉलेज के इंटर्नशिप कार्यक्रम का निरीक्षण, नोडल पदाधिकारी ने छात्रों का बढ़ाया उत्साह

  • Post By Admin on Jul 18 2026
एलएस कॉलेज के इंटर्नशिप कार्यक्रम का निरीक्षण, नोडल पदाधिकारी ने छात्रों का बढ़ाया उत्साह

मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज के नोडल पदाधिकारी (इंटर्नशिप) डॉ. ऋतुराज कुमार ने शनिवार को चेतन साधन इंस्टीट्यूट पहुंचकर चल रहे इंटर्नशिप कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सेक्टरों में संचालित प्रशिक्षण गतिविधियों का विस्तृत जायजा लिया और कार्यक्रम की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के बाद छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए डॉ. ऋतुराज कुमार ने कहा कि इंटर्नशिप केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि एलएस कॉलेज के छात्र यहां पूरी गंभीरता और उत्साह के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जो उनके समग्र विकास और बेहतर करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।उन्होंने विद्यार्थियों से इंटर्नशिप के दौरान अधिक से अधिक व्यावहारिक ज्ञान और कौशल अर्जित करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज की मेहनत ही भविष्य में उन्हें सफल, कुशल और आत्मनिर्भर पेशेवर बनाएगी।

संस्थान के प्राचार्य डॉ. मो. अज़मतुल्लाह ने अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य प्रत्येक छात्र को तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक ज्ञान और नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाना है, ताकि वे उद्योगों की अपेक्षाओं पर खरे उतरने के साथ-साथ समाज के विकास में भी प्रभावी योगदान दे सकें। इस अवसर पर डॉ. नवीन कुमार, प्रशिक्षक मनीष कुमार मिश्रा, शाहबाज़ अहमद खान, एस.के. पाण्डे, आनंद कुमार, विजय कुमार, सरोज कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।