प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक कार्यकर्ता लेंगे भाग : विजय सिन्हा 

  • Post By Admin on Feb 23 2025
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक कार्यकर्ता लेंगे भाग : विजय सिन्हा 

लखीसराय: भारतीय जनता पार्टी के जिला मुख्यालय में रविवार को आयोजित बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने प्रधानमंत्री के आगामी भागलपुर कार्यक्रम को लेकर दिशा निर्देश दिए। बैठक में उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सफलता की समीक्षा की और भाजपा संगठन को आवश्यक निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भागलपुर में किसान सम्मान समारोह में संबोधन एक ऐतिहासिक अवसर होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में जहां किसान लाचार और बेबस हो गए थे, वहीं आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किसान सम्मान के साथ समृद्धि की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा लागू की गई कई योजनाओं जैसे डिजिटल कृषि, ड्रोन तकनीकी, मिट्टी स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान सम्मान निधि की सराहना की, जो किसानों के लिए वरदान साबित हो रही हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के किसान हितैषी निर्णयों ने देशभर में किसान समुदाय में उल्लास का माहौल उत्पन्न किया है। भागलपुर में इस समारोह को लेकर किसानों में गजब का उत्साह है और वे प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने के लिए तैयार हैं।

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने चार वर्गों - युवा, महिला, किसान और गरीबों के विकास का संकल्प लिया है। इन सभी वर्गों के उत्थान के लिए कई योजनाएं चल रही हैं, जो बिहार में भी लागू हो रही हैं।

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि लखीसराय जिले से 10,000 से अधिक एनडीए कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में भाग लेंगे और बिहार के विकास के लिए हर व्यक्ति से योगदान की अपील की। बैठक में भाजपा के जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, महामंत्री सनोज शाह, घनश्याम मंडल, अमरजीत प्रजापति, ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष विकास आनंद, सोनू चंद्रवंशी, वार्ड पार्षद गौतम मंडल सहित जिले के सभी मंडल अध्यक्ष और संगठन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।