प्रोजेक्ट अमृत में निरंकारी मिशन ने चलाई नदी घाटी सफाई अभियान
- Post By Admin on Feb 23 2025

समस्तीपुर : संत निरंकारी मिशन की सेवा भावना और मानव कल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए, संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के तृतीय चरण में मिशन के सैकड़ों सेवादल स्वयंसेवकों ने मगरदही घाट से पीपड़ा घाट तक नदी घाटी की सफाई की। इस अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों की सफाई और जल संरक्षण को बढ़ावा देना है, ताकि आगामी पीढ़ियों को स्वच्छ जल और स्वस्थ पर्यावरण प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए, सेन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष विनोद राय ने इस परियोजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह एक सार्थक कदम है, जो समाज में जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाता है। उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान भविष्य में न केवल जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा, बल्कि इससे लोगों के मन में पर्यावरण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होगा।
कार्यक्रम की संचालन में मुखी महात्मा राजेश कुमार ने बताया कि यह अभियान परम श्रद्धेय सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज और निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन आशीर्वाद से देशभर के 27 राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के 900 से अधिक शहरों में एक साथ चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान जल स्रोतों की सफाई और जल संरक्षण को मानव जीवन का अभिन्न अंग बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में गीतों की प्रस्तुति, समूह गान और जागरूकता सेमिनार के माध्यम से जल जनित रोगों और स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता बढ़ाई जा रही है।
इस महाअभियान के पहले दो चरणों में अभूतपूर्व प्रभाव देखा गया है और तृतीय चरण को और भी व्यापक, प्रभावी और दूरगामी दृष्टि से आगे बढ़ाया गया है। यह अभियान निरंतर विस्तार पाने के साथ-साथ समाज में जागरूकता, सेवा और समर्पण की भावना को जागृत करने का कार्य करेगा। इस अवसर पर सेवादल संचालक महात्मा राम प्रकाश, शिक्षक नन्देश्वर, शिक्षिका बहन अर्चना रानी, राज किशोर, यमुना प्रसाद, विनोद कुमार महाराज, मोतीलाल, मिथलेश समेत निरंकारी मिशन के सैकड़ों सेवादल स्वयंसेवकों ने सफाई अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके साथ ही एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें स्थानीय लोगों को जल संरक्षण और स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।