बिहार के हर पंचायत में बनेगा हाट, जिला व प्रखंड मुख्यालयों पर खुलेंगे मार्ट

  • Post By Admin on Jul 24 2026
बिहार के हर पंचायत में बनेगा हाट, जिला व प्रखंड मुख्यालयों पर खुलेंगे मार्ट

पटना: बिहार सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने गुरुवार को विधानसभा में घोषणा की कि बिहार के सभी पंचायतों में हाट का निर्माण कराया जाएगा, जबकि जिला मुख्यालयों एवं प्रखंडों में आधुनिक मार्ट स्थापित किए जाएंगे।

विधानसभा में ग्रामीण विकास विभाग के प्रथम अनुपूरक व्यय के तहत अनुदान मांग पर सरकार का पक्ष रखते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं स्थानीय बाजारों को सशक्त बनाना, रोजगार के नए अवसर सृजित करना तथा स्थानीय उत्पादों को बेहतर विपणन व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस योजना से राज्य के लोगों को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। मंत्री ने बताया कि प्रस्तावित हाट एवं मार्ट में जीविका दीदियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की बिक्री की जाएगी। इससे स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बड़ा बाजार मिलेगा और उनके उत्पाद अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंच सकेंगे। साथ ही स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण एवं उपयोगी सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजना केवल हाट और मार्ट तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी जीविका उत्पादों की बिक्री की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए बोधगया, नालंदा, वैशाली, राजगीर, रोहतास, पावापुरी, बक्सर और सीतामढ़ी सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों को शामिल करने का प्रस्ताव है। सरकार का मानना है कि इस पहल से एक ओर ग्रामीण उत्पादों को व्यापक बाजार मिलेगा, वहीं दूसरी ओर महिला स्वयं सहायता समूहों की आय में वृद्धि होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।