छात्र आंदोलन को लेकर बिहार में हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा
- Post By Admin on Jul 24 2026
पटना : नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार को बिहार पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा। संभावित विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए राजधानी पटना सहित गया, वैशाली, सीतामढ़ी, जहानाबाद समेत कई जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
पटना में डाकबंगला चौराहा, इनकम टैक्स चौराहा, गांधी मैदान और पटना विश्वविद्यालय के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बीएसएपी, सीआरपीएफ और बिहार पुलिस के जवानों की तैनाती के साथ वाहनों एवं लोगों की सघन जांच की जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले भी तैयार रखे गए हैं। गांधी मैदान में जिलाधिकारी, एसएसपी सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार कैंप कर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। एहतियातन युवाओं के गांधी मैदान में प्रवेश पर रोक लगाई गई है, जबकि आम नागरिकों की आवाजाही सामान्य बनी हुई है।
गया में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने 33 प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की है। वहीं, सीतामढ़ी में दंगा नियंत्रण को लेकर पुलिस ने मॉक ड्रिल आयोजित कर जवानों को भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण दिया।
राजधानी में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर फ्लैग मार्च भी निकाला। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।इधर, वैशाली जिले के लालगंज में राजद कार्यकर्ताओं और छात्रों ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर महाराणा प्रताप चौक से तिनपुलवा चौक तक विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और मामले के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
महुआ में छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में संयुक्त छात्र-युवा मोर्चा ने शुक्रवार शाम शाही दरबार से गांधी चौक तक कैंडल मार्च निकालने का आह्वान किया है। आयोजकों ने बड़ी संख्या में लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से शामिल होने की अपील की है।
इस बीच, जहानाबाद के जिलाधिकारी छिरिंग वाई. भूटिया ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस फायरिंग की पुष्टि की है। उनके अनुसार, काको मोड़ स्टेशन के पास प्रदर्शनकारियों द्वारा पथराव किया गया, जिसमें जिलाधिकारी आवास के बाहर लगे शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए। प्रशासन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।