देश में हाई स्पीड रेल का आगाज़, 15 अगस्त 2027 से दौड़ेगी भारत की पहली बुलेट ट्रेन
- Post By Admin on Jul 24 2026
नई दिल्ली: देश में हाई स्पीड रेल युग की शुरुआत 15 अगस्त 2027 से होने जा रही है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, भारत की पहली बुलेट ट्रेन सेवा मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर चरणबद्ध तरीके से शुरू होगी। पहले चरण में सूरत-बिलिमोरा खंड पर परिचालन शुरू किया जाएगा, जबकि पूरे कॉरिडोर को क्रमिक रूप से चालू किया जाएगा।
मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर 508 किलोमीटर लंबा है। इस परियोजना में हाई स्पीड रेल तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, जिससे ट्रेन अधिकतम 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेगी। परियोजना के पूर्ण रूप से चालू होने के बाद मुंबई और अहमदाबाद के बीच यात्रा का समय घटकर करीब दो घंटे रह जाएगा, जबकि सीमित स्टॉपेज वाली सेवाओं में यह समय और भी कम होने की संभावना है।
रेल मंत्रालय के अनुसार, बुलेट ट्रेन सेवा को चरणबद्ध तरीके से विस्तार दिया जाएगा। पहले सूरत-बिलिमोरा, उसके बाद वापी-सूरत, फिर वापी-अहमदाबाद और आगे चलकर ठाणे-अहमदाबाद खंड को जोड़ा जाएगा। अंततः पूरा मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर यात्रियों के लिए उपलब्ध होगा। यह हाई स्पीड रेल कॉरिडोर महाराष्ट्र, गुजरात तथा दादरा एवं नगर हवेली से होकर गुजरेगा। इस मार्ग पर कुल 12 स्टेशन बनाए गए हैं, जिनमें मुंबई (बीकेसी), ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती शामिल हैं।
सरकार का मानना है कि बुलेट ट्रेन परियोजना से यात्रियों का सफर तेज और सुविधाजनक होगा। साथ ही मुंबई और अहमदाबाद जैसे प्रमुख आर्थिक केंद्रों के बीच व्यापार, निवेश, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।