लखीसराय : जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ विमेन एवं जिला प्रशासन लखीसराय के सौजन्य से महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में सखी वार्ता का आयोजन बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रूबी सिंह की अध्यक्षता में परियोजना कार्यालय बड़हिया में किया गया।

सर्वप्रथम केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी ने बताया कि हिंसा से पीड़ित कोई भी महिला या किशोरी वन स्टॉप सेंटर पर आकर या 181 टॉल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकती हैं जिसका त्वरित निष्पादन किया जाएगा। वन स्टॉप सेंटर में एक ही छत के नीचे कई प्रकार की सुविधा उपलब्ध है जैसे चिकित्सीय सहायता, कानूनी व मनोसामाजिक परामर्श, एफआईआर डीआईआर में सहयोग किया जाता है। जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ विमेन के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि महिला एवं किशोरी को सशक्त करने के लिए जिला हब कार्यालय जिला मुख्यालय में कार्य कर रहा है। यदि कोई हिंसा से पीड़ित महिला या किशोरी को किसी भी तरह के मदद की आवश्यकता है तो जिला हब कार्यालय आकर अपनी समस्या दर्ज कर सकते हैं जिसे संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर दूर किया जाएगा। सखी वार्ता का मुख्य उद्देश्य महिला या किशोरी से संबंधित समस्या को बाहर निकालना एवं उस पर पहल कर निदान दिलाना है। महिला एवं बाल विकास निगम के द्वारा मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना एवं मिशन शक्ति योजना संचालित है जो महिला के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। जिसके अंतर्गत जिला हब कार्यालय महिलाओं के बीच एक कड़ी का कार्य करता है जो विभाग एवं महिला और किशोरी को जोड़ने का कार्य कर रहा है। बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रूबी सिंह ने कहा कि महीला के उत्थान के लिए सरकार के द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही है जिससे महिला बेटियां आगे बढ़ रही है। सरकार भी इतना सजग है की आपके द्वार आकर आपकी समस्या को जानने के लिए एवं उसके समाधान को लेकर सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया है जो बहुत ही प्रशंसनीय है। जिसका परिणाम दिख रहा है आज की महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। सरकार भी इसके लिए प्रयत्नशील है जिसे हमसभी को मिलकर पहल करना है।

मौके पर लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, सामुदायिक समन्वयक नवीन कुमार, महीला पर्यवेक्षिका स्नेहलता कुमारी, निशा कुमारी सहित दर्जनों आंगनबाड़ी सेविका एवं जीविका दीदी मौजूद रहे।