अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम सह सम्मान समारोह आयोजित

  • Post By Admin on Mar 08 2024
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम सह सम्मान समारोह आयोजित

लखीसराय : शुक्रवार को जिला प्रशासन की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में जिले के सम्राट अशोक भवन में सांस्कृतिक सह सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ जिला पदाधिकारी रजनीकांत, उप विकास आयुक्त कुंदन कुमार व सिविल सर्जन बी.के. सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया।

मौके पर जिले में महिला और बाल विकास के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्यों को लेकर कुल 21 महिला कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरुस्कार देकर सम्मानित किया गया। स्कूल से आई छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में बच्चों ने नृत्य और संगीत के माध्यम से महिलाएं क्या कर सकती हैं इसको दर्शाया। प्रत्येक वर्ष दुनिया भर में 08 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ये दिन महिलाओं के लिए समर्पित है। वर्तमान में आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, खेल हर क्षेत्र में महिलाओं की उपलब्धियों की अहम भूमिका है। यहां तक वर्तमान समय में महिलाएं पुरुषों से कंधे से कन्धा मिला कर चल रही हैं। चाहे आर्मी, नेवी और इंडियन एयरफोर्स, डॉक्टर, इंजीनियरिंग की हर ब्रांच में महिलाओं की उपस्थिति देखी जा सकती है। ये दिन इन्हीं उपलब्धियों को सलाम करने का दिन है। इसके अलावा इस दिन का मकसद महिलाओं के अधिकारों को लेकर जागरूकता फैलाना भी है ताकि उन्हें उनका हक मिल सके और वह पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सके।

कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी रजनीकांत ने कहा कि महिला परिवार ही नहीं पूरे समाज की धुरी है। भगवान के द्वारा महिला को जो गुण दिए गए हैं वो उन्हें विशिष्ट बनाते हैं। समाज के निर्माण में महिला की एक अहम भूमिका हैं जो कि बहुत महत्वपूर्ण है।