लखीसराय में सेवा संकल्प अभियान, नशामुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता के साथ हुआ पौधारोपण
- Post By Admin on Sep 20 2026
लखीसराय : बिहार सरकार के कृषि मंत्री एवं लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय कुमार सिन्हा ने रविवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न जनसेवा और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान बहादुरपुर में नशामुक्ति अभियान, मुशहरी में स्वास्थ्य शिविर और आर. लाल कॉलेज में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
डुमरी पंचायत के बहादुरपुर गांव में आयोजित नशामुक्ति अभियान में शामिल होकर विजय कुमार सिन्हा ने लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने रुद्राभिषेक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि नशे का असर व्यक्ति के साथ उसके परिवार और समाज पर भी पड़ता है। युवाओं को नशे से बचाने और स्वस्थ एवं संस्कारयुक्त वातावरण बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।इसके बाद कृषि मंत्री ने पचना रोड स्थित मुशहरी में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने शिविर में पहुंचे लोगों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके बाद आर. लाल कॉलेज में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में उन्होंने पौधा लगाया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की। इससे पहले विजय कुमार सिन्हा ने बड़हिया स्थित मां बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना की और स्थानीय कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रमों में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, जिला महामंत्री सनोज साहू, जिला उपाध्यक्ष नरोत्तम कुमार, चंदन कुमार, उषा मल्लिक, पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू, जिला प्रभारी संजय कुमार, जिला मंत्री अभिषेक सिंह, मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, जिला प्रवक्ता बाल्मीकि साह, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास आनंद, गोपी कुमार सहित भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।