नगर परिषद लखीसराय को मिला नया ईओ, प्रभात रंजन ने संभाला कार्यभार
- Post By Admin on Feb 12 2026
लखीसराय : लखीसराय नगर परिषद के नवनियुक्त कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) प्रभात रंजन ने गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पूर्व ईओ रमन कुमार, नगर सभापति अरविंद पासवान एवं उपसभापति शिव शंकर राम सहित नगर परिषद के पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त ईओ को गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यभार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की गई। पदभार ग्रहण करने के बाद प्रभात रंजन ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने विशेष रूप से शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर जोर देते हुए कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना उनकी पहली जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
नगर सभापति अरविंद पासवान ने पूर्व ईओ रमन कुमार को उनके कार्यकाल के लिए सराहते हुए उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं नवनियुक्त ईओ प्रभात रंजन का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि नगर परिषद के विकास के लिए हर स्तर पर पूर्ण सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रभात रंजन के नेतृत्व में शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर लिपिक अवध कुमार, कनीय अभियंता मो. सैयद हसन, जितेंद्र कुमार, वीरेंद्र कुमार, सूरज कुमार रावत, समाजसेवी लक्ष्मण सिंह, वार्ड पार्षद राजपाल राउत सहित कई जनप्रतिनिधि और नगर परिषद कर्मी मौजूद रहे। सभी ने नए ईओ से मिलकर शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विकसित बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया।