लखीसराय बार एसोसिएशन चुनाव को हरी झंडी, तीन सदस्यीय चुनाव समिति गठित

  • Post By Admin on Feb 13 2026
लखीसराय बार एसोसिएशन चुनाव को हरी झंडी, तीन सदस्यीय चुनाव समिति गठित

लखीसराय : जिला विधिज्ञ संघ, लखीसराय के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर लंबे समय से चली आ रही असमंजस की स्थिति अब समाप्त हो गई है। बिहार राज्य बार काउंसिल के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित आम सभा में सर्वसम्मति से महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिससे चुनाव प्रक्रिया को लेकर रास्ता पूरी तरह प्रशस्त हो गया है।

बिहार राज्य बार काउंसिल के सदस्य एस. डी. यादव एवं सच्चिदानंद सिंह की निगरानी में हुई इस आम सभा में जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डॉ. श्रीनिवास प्रसाद सिंह को सर्वसम्मति से मुख्य चुनाव पदाधिकारी (चीफ इलेक्शन ऑफिसर) नियुक्त किया गया। इसके साथ ही चुनाव को सुचारू और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए तीन सदस्यीय चुनाव समिति का गठन किया गया, जिसमें वरीय अधिवक्ता चन्द्र मौलेश्वर सिंह, सहजानंद सिंह और उमेश्वर प्रसाद यादव को सदस्य बनाया गया।

सभा के दौरान बार काउंसिल द्वारा भेजे गए दोनों पर्यवेक्षकों की देखरेख में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निर्विवाद रूप से संपन्न हुई। आम सभा में रखे गए सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। पारदर्शिता और सुचिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पर्यवेक्षकों ने संघ कार्यालय की चाबी तत्काल मुख्य चुनाव पदाधिकारी को सौंपने का निर्देश भी दिया।

डॉ. श्रीनिवास प्रसाद सिंह के नेतृत्व में चुनाव समिति के गठन से अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। जानकारों का मानना है कि इस नई व्यवस्था से न केवल समय पर चुनाव संपन्न होंगे, बल्कि भविष्य में संघ के भीतर वित्तीय अनियमितताओं पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। चुनाव की आधिकारिक तिथि की घोषणा शीघ्र किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व अध्यक्ष शंभु शरण सिंह, सचिव सुबोध कुमार, रवि विलोचन वर्मा, रामविलास शर्मा, रामाशंकर सिंह उर्फ अमरनाथ, अशोक कुमार सिन्हा, राजेश कुमार, अजय कुमार यादव, धनंजय कुमार, रजनीश कुमार, अरविंद कुमार सुधांशु, विजय, वासुकी सहित सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।