डीएम की अगुवाई में नाइट ऑपरेशन, अवैध बालू ढुलाई पर चला प्रशासन का डंडा

  • Post By Admin on Feb 13 2026
डीएम की अगुवाई में नाइट ऑपरेशन, अवैध बालू ढुलाई पर चला प्रशासन का डंडा

लखीसराय : जिला प्रशासन द्वारा अवैध बालू खनन, ओवरलोडिंग और सड़क सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर रोक लगाने के उद्देश्य से गुरुवार की देर रात एनएच-80 के बालगुदर क्षेत्र में विशेष छापेमारी एवं सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने किया।

इस संयुक्त कार्रवाई के तहत बालू एवं खनिज परिवहन में संलग्न वाहनों की गहन जांच की गई। टीम द्वारा ई-रॉयल्टी, चालान, फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट समेत सभी आवश्यक कागजातों की सख्ती से पड़ताल की गई, ताकि अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात और खनन से संबंधित नियमों का पालन करें तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना प्रशासन को दें, जिससे कानून व्यवस्था सुदृढ़ रहे और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, जिला खनिज विकास पदाधिकारी श्री कुमार रंजन, जिला योजना पदाधिकारी श्री आशुतोष कुमार, ट्रैफिक डीएसपी श्री अजय कुमार, नगर कार्यपालक पदाधिकारी श्री प्रभात रंजन सहित कई अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।