मद्य निषेध पुलिस का मेगा ऑपरेशन, 17 ठिकानों से भारी मात्रा में शराब जब्त
- Post By Admin on Feb 13 2026
लखीसराय : जिले में शराबबंदी को सख्ती से लागू कराने के लिए मद्य निषेध थाना लखीसराय द्वारा गुरुवार की रात्रि व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 17 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी व देशी शराब जब्त की गई, जबकि कई शराब कारोबारियों और शराब पीने वालों को भी पकड़ा गया।
मद्य निषेध थाना द्वारा जारी प्रतिवेदन के अनुसार पहली कार्रवाई किऊल रेलवे स्टेशन क्षेत्र में की गई, जहां मो फारूक नामक व्यक्ति के पास से 2.5 लीटर बीयर एवं 14.760 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। दूसरी कार्रवाई सोलर पावर प्लांट के समीप कजरा थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक वाहन चालक से 75 लीटर चुलाई शराब एवं एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
तीसरी छापेमारी कालेश्वर, थाना अमहरा में की गई, जहां मुकुल कुमार के पास से 3.5 लीटर चुलाई शराब मिली। चौथी कार्रवाई बिछवे मुसहरी, थाना किऊल में हुई, जहां चंदन कुमार के पास से 2.750 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। वहीं अशोकधाम रेलवे स्टेशन के समीप 117 लीटर विदेशी शराब लावारिस हालत में जब्त की गई।
इसके अलावा अमहरा थाना क्षेत्र के रामनगर और किशनपुर गांव से शराब पीने के आरोप में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसी तरह चानन थाना क्षेत्र के जानकीडीह मोड़, जगुआजोड़ मोड़ और बड़ह रामपुर से भी शराब पीने वालों को पकड़ा गया।
बनुबीघा थाना क्षेत्र के धनबाद मोड़ से दो व्यक्ति शराब पीते हुए गिरफ्तार किए गए, जबकि बड़हिया थाना क्षेत्र के उत्पादन थाना बड़हिया के पास चार लोगों को शराब पीने के आरोप में हिरासत में लिया गया।
मद्य निषेध विभाग की इस कार्रवाई में कुल मिलाकर अवैध शराब कारोबारियों के साथ-साथ शराब सेवन करने वाले 17 मामलों को दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सघन छापेमारी अभियान जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर अवैध शराब कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।