लखीसराय बार एसोसिएशन चुनाव कार्यक्रम जारी, अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल
- Post By Admin on Feb 17 2026
लखीसराय: काफी जद्दोजहद और उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद जिला विधिज्ञ संघ, लखीसराय के चुनाव की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. श्रीनिवास सिंह द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 12 मार्च 2026 को मतदान कराया जाएगा तथा उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 18 फरवरी को प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन होगा, जबकि 21 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। 23 और 24 फरवरी को प्रत्याशी अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। नामांकन की प्रक्रिया 25 और 26 फरवरी को निर्धारित की गई है। 27 फरवरी को नामांकन पत्रों की संवीक्षा और नाम वापसी की कार्रवाई संपन्न होगी। इसके बाद 28 फरवरी को चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। चुनाव की घोषणा पर अधिवक्ता रजनीश कुमार ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि न्यायालय के हस्तक्षेप से चुनाव की राह साफ होने पर अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल है। उन्होंने आशा जताई कि चुनाव के बाद मॉडल रूल के अनुरूप संघ का संचालन सुनिश्चित होगा और वित्तीय पारदर्शिता में सुधार आएगा।
उन्होंने संघ की पूर्व स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि कई कार्यकालों से आम सभा आयोजित नहीं की गई थी और आय-व्यय तथा परिसंपत्तियों का समुचित लेखा-जोखा प्रस्तुत नहीं हुआ था, जिससे अधिवक्ताओं में असंतोष बना हुआ था। अब चुनाव के माध्यम से पारदर्शी, जवाबदेह और लोकतांत्रिक व्यवस्था स्थापित होने की उम्मीद है।
अधिवक्ता रजनीश कुमार ने सभी अधिवक्ता साथियों से अपील की कि वे संघ हित में सक्रिय भागीदारी निभाएं और मतदान के माध्यम से सक्षम प्रतिनिधियों का चयन करें।