उत्तर बिहार को मिलेगा देश का पांचवां सबसे बड़ा एयरपोर्ट, हवाई अड्डा योजना क्रियान्वयन चरण में

  • Post By Admin on Feb 17 2026
उत्तर बिहार को मिलेगा देश का पांचवां सबसे बड़ा एयरपोर्ट, हवाई अड्डा योजना क्रियान्वयन चरण में

छपरा: सारण जिले के सोनपुर में प्रस्तावित हरित क्षेत्रीय हवाई अड्डा परियोजना अब क्रियान्वयन के महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है। बिहार सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग ने विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कराने के लिए औपचारिक रूप से निविदा जारी कर दी है। इसे परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

प्रस्तावित हवाई अड्डे को देश के सबसे बड़े हवाई अड्डों में शामिल करने की परिकल्पना की गई है। परियोजना के तहत 4200 मीटर लंबे रनवे के निर्माण की योजना है, जो बड़े यात्री एवं मालवाहक विमानों के सुरक्षित संचालन के लिए उपयुक्त माना जाता है। डीपीआर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप यात्री टर्मिनल भवन, माल ढुलाई क्षेत्र, भंडारण परिसर तथा अन्य आवश्यक सेवाओं की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी। नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार निविदा प्रपत्र 6 फरवरी 2026 से उपलब्ध हैं। 14 फरवरी 2026 को पटना में पूर्व-निविदा बैठक आयोजित की जाएगी, जबकि निविदा प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि 27 फरवरी निर्धारित की गई है। तकनीकी निविदाएं 10 मार्च 2026 को खोली जाएंगी और 17 मार्च को तकनीकी प्रस्तुति आयोजित होगी। वित्तीय निविदा की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।

परियोजना में अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन प्रणाली, उन्नत वायु यातायात नियंत्रण व्यवस्था तथा आधुनिक सुरक्षा निगरानी तंत्र को भी शामिल किया जाएगा। भविष्य में यात्रियों की संभावित वृद्धि को ध्यान में रखते हुए विस्तार की संभावनाओं को भी योजना का हिस्सा बनाया जाएगा। हवाई अड्डा सोनपुर के दरियापुर चंवर क्षेत्र में प्रस्तावित है, जो प्रमुख राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों से जुड़ा हुआ है। पटना से बेहतर संपर्क सुनिश्चित करने के लिए नए पुलों और सड़कों के निर्माण कार्य भी प्रगति पर हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि परियोजना के पूर्ण होने से पटना स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते दबाव को कम करने में सहायता मिलेगी। साथ ही उत्तर बिहार में व्यापार, निवेश, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को नई गति मिलने की संभावना है।

भूमि अधिग्रहण की प्रशासनिक स्वीकृति पूर्व में ही प्रदान की जा चुकी है। डीपीआर तैयार होने के बाद निर्माण प्रक्रिया को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।

• खबर में दी गई तस्वीर सांकेतिक है....