पटना में शुरू हुई जॉय राइड, अब हेलीकॉप्टर से होगी राजधानी की सैर
- Post By Admin on Jul 18 2026
पटना : बिहार में पर्यटन को नई उड़ान देने की दिशा में राजधानी पटना में शनिवार से हेलीकॉप्टर जॉय राइड सेवा की औपचारिक शुरुआत हो गई। मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना के तहत शुरू की गई इस पहल से पर्यटक अब हेलीकॉप्टर के जरिए राजधानी का विहंगम दृश्य देख सकेंगे। सेवा को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्घाटन शनिवार दोपहर तीन बजे पटना एयरपोर्ट स्थित स्टेट हैंगर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। पर्यटन विभाग के अनुसार, सेवा शुरू होने से पहले ही 80 पर्यटकों ने अपनी सीट बुक करा ली है। पहले दिन 20 पर्यटकों को हेलीकॉप्टर से पटना की हवाई सैर कराई जाएगी। पर्यटन विभाग के अनुसार कि इस जॉय राइड के लिए प्रति पर्यटक 2,100 रुपए का टिकट निर्धारित किया गया है। इस शुल्क पर पर्यटक लगभग 10 मिनट तक हेलीकॉप्टर से राजधानी पटना का हवाई नजारा देख सकेंगे।
फिलहाल यह सेवा प्रत्येक शनिवार और रविवार को दोपहर तीन बजे से पटना एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर से संचालित की जाएगी। सरकार का उद्देश्य इस पहल के माध्यम से बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देना और लोगों को किफायती दर पर हवाई पर्यटन का नया अनुभव उपलब्ध कराना है।