घरेलू विवाद में पत्नी की सिलबट्टे से हत्या, वारदात के बाद आरोपी पति फरार
- Post By Admin on Jul 18 2026
हरदोई : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में घरेलू विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। कासिमपुर थाना क्षेत्र के गौरी दयामपुर गांव में शुक्रवार शाम पति ने कथित तौर पर सिलबट्टे से हमला कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गौरी दयामपुर निवासी कुंज बिहारी का शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अपनी 35 वर्षीय पत्नी मोनी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर सिलबट्टे से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मोनी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति घर छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने महिला को मृत अवस्था में देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कासिमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पड़ोसियों के अनुसार, आरोपी कुंज बिहारी शराब पीने का आदी था और पूर्व में भी पत्नी के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आती रही थीं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।