साइबर ठगी से बचाव का संदेश लेकर सड़कों पर उतरा इंडियन बैंक, 120वें स्थापना दिवस पर वाकाथन
- Post By Admin on Aug 05 2026
मुजफ्फरपुर: इंडियन बैंक के 120वें स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को इंडियन बैंक जोनल ऑफिस, मुजफ्फरपुर द्वारा साइबर सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस वाकाथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जोनल मैनेजर कमलेश कुमार सिंह तथा डिप्टी जोनल मैनेजर राजीव कुमार ने किया। इस अवसर पर बैंक के लगभग 50 अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वाकाथन की शुरुआत इंडियन बैंक जोनल ऑफिस से हुई, जो मिठनपुरा सहित विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान बैंक कर्मियों ने आम नागरिकों, ग्राहकों और राहगीरों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी तथा ऑनलाइन बैंकिंग के दौरान सतर्क रहने का संदेश दिया।प्रतिभागियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या संदेश पर अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी, ओटीपी, पिन, सीवीवी या पासवर्ड साझा न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध लेनदेन की स्थिति में तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई।इंडियन बैंक के अधिकारियों ने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि ग्राहकों को डिजिटल लेनदेन के प्रति सुरक्षित और जागरूक बनाना भी है। 120वें स्थापना दिवस पर आयोजित यह जागरूकता अभियान समाज में साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्कता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।