लखीसराय : जिले के शिक्षा विभाग में कथित भ्रष्टाचार और करोड़ों रुपए के वित्तीय घोटालों के विरोध में 11 मई 2025 को बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इंडिया गठबंधन की ओर से जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में उप मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक का पुतला दहन करने की घोषणा की गई है। यह कार्यक्रम दोपहर 2 बजे शहीद द्वार, लखीसराय पर होगा।
ज्ञापन में आरोप है कि वित्तीय वर्ष 2023-2024 और 2024-2025 के दौरान माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में विद्यालय विकास कोष और विद्यालय सुदृढ़ीकरण योजना में भारी अनियमितताएं हुई हैं। साथ ही, फर्जी पहचान पत्र के इस्तेमाल से महत्वपूर्ण दस्तावेजों की चोरी का भी आरोप लगाया गया है। गठबंधन का कहना है कि इन गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों पर कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है।
इंडिया गठबंधन के जिला सदस्य रजनीश कुमार ने बताया कि इस विरोध प्रदर्शन में 200 से 500 लोगों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




















