दरभंगा से कनाडा पहुंचा मखाना, मखाना निर्यात से किसानों को बड़ा लाभ
- Post By Admin on Jul 31 2026
दरभंगा: मिथिला के प्रसिद्ध मखाने को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिली है। दरभंगा से पहली बार 7 मीट्रिक टन फ्लेवर्ड मखाने की खेप समुद्री मार्ग से कनाडा के लिए रवाना की गई है। कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपेडा) और केंद्र सरकार की इस पहल से मखाना उत्पादकों को बेहतर बाजार मिलने के साथ उनकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है।
कुल 7 मीट्रिक टन मखाने को दो विशेष कंटेनरों में पैक कर गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह के माध्यम से समुद्री रास्ते कनाडा भेजा गया। दरभंगा औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने पहली निर्यात खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। निर्यात के लिए मखाने का प्रसंस्करण अंतरराष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप न्यूट्रीविन एग्रो प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया। उत्पाद को फ्लेवरिंग और ब्रांडिंग के साथ तैयार कर वैश्विक बाजार की मांग के अनुरूप पैक किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, वैल्यू एडिशन और सीधे निर्यात की व्यवस्था से बिचौलियों की भूमिका कम होगी, जिससे मखाना उत्पादक किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा। अनुमान है कि इस पहल से किसानों की आय में 50 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि मखाने के निर्यात से बिहार, विशेषकर मिथिला क्षेत्र के कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार में नई पहचान मिलेगी। साथ ही इससे स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण उद्योग, रोजगार और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।