बिहार में हीट वेव का कहर, कई जिलों में पारा 45 डिग्री पार होने के आसार

  • Post By Admin on May 22 2026
बिहार में हीट वेव का कहर, कई जिलों में पारा 45 डिग्री पार होने के आसार

पटना : बिहार में भीषण गर्मी और उमस से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के 14 जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी की है, जबकि चार जिलों में आंधी, हल्की बारिश और ठनका गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया एवं नवादा जिलों में लू चलने की संभावना है। वहीं पश्चिम चंपारण, सुपौल, अररिया और किशनगंज में तेज हवा, हल्की बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तर प्रदेश से बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल तक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके कारण राज्य में उमस भरी गर्मी का असर बढ़ गया है। अगले दो से तीन दिनों में कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। गुरुवार को राज्य का तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को भी पटना में अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड में है। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि हीट वेव से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए अस्पतालों में 30 विशेष हीट वेव वार्ड बनाए गए हैं। कुल 88 बेड आरक्षित रखे गए हैं। प्रत्येक पीएचसी, सीएचसी और अनुमंडल अस्पताल में तीन-तीन बेड तथा जिला अस्पताल में चार बेड की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा लोगों को राहत पहुंचाने के लिए 17 नगर निकायों में 400 प्याऊ लगाए गए हैं और 15 आश्रय स्थल संचालित किए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की अपील की है।