पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड पीओके में ढेर, अज्ञात हमलावारों ने मारी गोली

  • Post By Admin on May 21 2026
पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड पीओके में ढेर, अज्ञात हमलावारों ने मारी गोली

जम्मू-कश्मीर : वर्ष 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के प्रमुख साजिशकर्ताओं में शामिल आतंकवादी अरजुमंद गुलजार उर्फ हमजा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में हत्या कर दी गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने उसे गोलियों से भून दिया। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है।

सूत्रों के मुताबिक, हमजा बुरहान का शव कब्जे में लेकर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि वह पुलवामा जिले के रत्नीपोरा क्षेत्र का निवासी था और करीब सात वर्ष पहले वैध दस्तावेजों के जरिए पाकिस्तान गया था। वहां जाकर वह आतंकी संगठन अल-बद्र से जुड़ गया और बाद में संगठन में कमांडर की भूमिका निभाने लगा। जांच एजेंसियों के अनुसार, हमजा पुलवामा में विस्फोटक बरामदगी, सीआरपीएफ जवानों पर ग्रेनेड हमले तथा युवाओं की आतंकी संगठनों में भर्ती जैसी गतिविधियों में शामिल था। पुलवामा हमले के दौरान उसने ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) के रूप में आतंकियों की मदद की थी। वह पाकिस्तान में खुद को शिक्षक बताकर पहचान छिपाने की कोशिश करता था और कथित तौर पर एक स्कूल में पढ़ाने का काम भी करता था।

सूत्रों का कहना है कि हमजा अल-बद्र के लिए भारत विरोधी प्रचार सामग्री तैयार करने और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित करने में भी सक्रिय था। वह आतंकी संगठन की प्रचार रणनीति का अहम हिस्सा माना जाता था। भारत सरकार ने वर्ष 2022 में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत उसे आतंकी घोषित किया था। गृह मंत्रालय के अनुसार, वह पाकिस्तान से बैठकर हथियार, फंडिंग और निर्देश स्थानीय नेटवर्क तक पहुंचाने में शामिल था।

गौरतलब है कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में सीआरपीएफ काफिले पर हुए फिदायीन हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। विस्फोटकों से भरी कार को काफिले से टकराकर इस हमले को अंजाम दिया गया था। जांच एजेंसियों ने हमले की साजिश के तार पाकिस्तान से जुड़े होने की पुष्टि की थी। हमजा बुरहान भारत की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था।