हरित भविष्य की पहल, लखीसराय में पर्यावरण भारती का पौधारोपण कार्यक्रम

  • Post By Admin on Feb 09 2026
हरित भविष्य की पहल, लखीसराय में पर्यावरण भारती का पौधारोपण कार्यक्रम

लखीसराय: सोमवार को रेलवे स्टेशन परिसर, नया बाजार लखीसराय में माता स्व. जीरा देवी की पुण्य स्मृति में पर्यावरण भारती द्वारा देव वृक्ष पीपल का पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी श्याम कुमार मोदी ने किया।

पौधारोपण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण असंतुलन आज मानव सभ्यता के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन चुकी है। इसे देखते हुए पर्यावरण भारती वर्ष 2008 से लगातार वृक्षारोपण अभियान चला रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने पूर्वजों की पुण्य स्मृति, बच्चों के जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ तथा महापुरुषों के जन्मदिवस जैसे अवसरों पर पौधारोपण को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। शाण्डिल्य ने कहा कि धरती माता की रक्षा के लिए कम से कम 33 प्रतिशत वन क्षेत्र आवश्यक है, लेकिन मानवीय स्वार्थ के कारण आज यह घटकर मात्र 15 प्रतिशत के आसपास रह गया है। यदि समय रहते व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण नहीं किया गया तो प्राकृतिक ऑक्सीजन की कमी के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं का खतरा भी बढ़ेगा। उन्होंने लोगों से अपने घरों और आसपास कम से कम दस पेड़ लगाने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि पर्यावरण प्रहरी श्याम कुमार मोदी की माता स्व. जीरा देवी एक धर्मपरायण एवं संस्कारशील नारी थीं। उनके पति श्री हारो मोदी हैं। स्व. जीरा देवी के चार पुत्र नंद किशोर मोदी, नवल मोदी, श्याम कुमार मोदी और कन्हैया मोदी हैं। उनकी पुण्य स्मृति में किया गया यह पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण के प्रति एक प्रेरक संदेश है।

इस अवसर पर पर्यावरण भारती के पौधारोपण कार्यक्रम में श्याम कुमार मोदी, जिला पेड़ उपक्रम प्रमुख राजीव मोदी, राम बिलास शाण्डिल्य, युवराज, आयुष्मान, संजय कुमार निराला, सोनू, मोनू, श्रीमती संगीता देवी, दीपक, अक्षत राज, निरंजन मोदी, आशीष कुमार मोदी सहित कई लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को दोहराया।