नए श्रम कानूनों के विरोध में भाकपा लखीसराय की बैठक, आम हड़ताल को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प
- Post By Admin on Feb 09 2026
लखीसराय: श्रमिक अधिकारों पर हो रहे हमलों के खिलाफ 12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के आह्वान के साथ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की लखीसराय जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला सचिव कॉमरेड हर्षित यादव ने की।
बैठक में केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए नए श्रम कानूनों को मजदूर विरोधी करार देते हुए वक्ताओं ने कहा कि ये कानून श्रमिकों के वर्षों के संघर्ष से हासिल अधिकारों को कमजोर करने की साजिश हैं। स्थायी रोजगार की जगह ठेका प्रथा को बढ़ावा दिया जा रहा है, छंटनी की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है और ट्रेड यूनियनों की भूमिका को सीमित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि यह नीतियां कॉरपोरेट हितों को साधने वाली हैं और मजदूरों के हितों के प्रतिकूल हैं। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 12 फरवरी की आम हड़ताल को सफल बनाने के लिए जिले के सभी प्रखंडों, औद्योगिक क्षेत्रों, बाजारों और श्रमिक बस्तियों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जनसभाएं, नुक्कड़ बैठकें, पदयात्राएं और संयुक्त आंदोलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को हड़ताल से जोड़ा जा सके।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला सचिव कॉमरेड हर्षित यादव ने कहा कि वर्तमान समय में श्रमिकों की एकजुटता ही उनके अधिकारों की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि आम हड़ताल सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि मजदूरों के भविष्य की लड़ाई है। कार्यकारिणी सदस्य कॉमरेड रजनीश कुमार, विश्व रंजन, रंजन कुमार और श्रीनिवास ने भी अपने विचार रखते हुए सभी वर्गों से हड़ताल में भागीदारी की अपील की।
बैठक में भाकपा लखीसराय के कार्यालय मंत्री सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में भाकपा लखीसराय ने जिले के मजदूरों, कर्मचारियों, किसानों, छात्रों, नौजवानों और आम जनता से आह्वान किया कि वे श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर 12 फरवरी की आम हड़ताल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और इसे सफल बनाएं। संघर्ष ही अधिकार की गारंटी है और एकता ही सबसे बड़ी ताकत है।