फरीदाबाद के स्कूल में महिला शिक्षिका पर 32 सेकंड में 34 चाकू के वार, आरोपी 2 घंटे में गिरफ्तार
- Post By Admin on Aug 04 2026
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में एक सरकारी स्कूल परिसर के भीतर सोमवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। सिक्रोना गांव स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 30 वर्षीय शिक्षिका संध्या पर एक नकाबपोश युवक ने महज 32 सेकंड के भीतर 34 बार चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान कोट गांव निवासी अमित के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था, लेकिन फरीदाबाद पुलिस ने स्थानीय अपराध शाखा और एवीटीएस (AVTS) की संयुक्त कार्रवाई में महज दो घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चेहरा ढककर स्कूल परिसर में दाखिल हुआ। उसने पहले शिक्षिका को नाम लेकर बुलाया और जैसे ही वह मुख्य प्रवेश द्वार के पास पहुंचीं, उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। घटना इतनी तेजी से हुई कि कुछ ही सेकंड में शिक्षिका गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गईं। बीच-बचाव करने पहुंचे स्कूल प्रशासक को भी आरोपी ने धमकी देकर पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमला व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम हो सकता है। बताया जा रहा है कि पीड़िता ने पहले आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद से आरोपी उनसे दुश्मनी रखे हुए था।
घटना के बाद पुलिस ने स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हमले के पीछे की पूरी साजिश तथा अन्य पहलुओं की गहन जांच जारी है। इस घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।
•तस्वीर केवल सांकेतिक है...