वैज्ञानिक सोच और पर्यावरण संरक्षण में योगदान के लिए शिक्षक विपिन कुमार को मिला प्रतिष्ठित सम्मान

  • Post By Admin on Aug 04 2026
वैज्ञानिक सोच और पर्यावरण संरक्षण में योगदान के लिए शिक्षक विपिन कुमार को मिला प्रतिष्ठित सम्मान

मुजफ्फरपुर: पर्यावरण संरक्षण, वैज्ञानिक सोच के प्रसार और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षक विपिन कुमार को प्रतिष्ठित "वैज्ञानिक दुर्गा प्रसाद चौधरी सम्मान" से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान +2 महारानी उषारानी बालिका उच्च विद्यालय, राजगढ़, डुमरांव (बक्सर) में आयोजित एक गरिमामय समारोह में स्मृति-चिह्न एवं अंगवस्त्र प्रदान कर दिया गया।

सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन, मालीघाट के सचिव एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने बताया कि विज्ञान का विकास वैज्ञानिकों के निरंतर अनुसंधान, तार्किक चिंतन और प्रमाण-आधारित अध्ययन से संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण समाज को अंधविश्वास, रूढ़ियों और पूर्वाग्रहों से मुक्त कर प्रगतिशील दिशा प्रदान करता है। भारतीय संविधान भी प्रत्येक नागरिक से वैज्ञानिक सोच, मानवतावाद और सुधार की भावना विकसित करने का आह्वान करता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक दुर्गा प्रसाद चौधरी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने विश्व की गोलाई मापने का एक विशेष यंत्र विकसित किया था। वर्ष 1971 में भारत सरकार ने भारत के समुद्र तट से पूर्वी अफ्रीका के मोम्बासा तट तक इस यंत्र का सफल प्रयोग कराया, जिससे उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। उनकी स्मृति में बिहार सरकार के विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने वर्ष 2006 में अमर शहीद जुब्बा सहनी पार्क स्थित दुर्गा प्रसाद चौधरी राजकीय जिला विज्ञान केंद्र की स्थापना की।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक विपिन कुमार ने पर्यावरण संरक्षण, वैज्ञानिक चेतना और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनके प्रयासों से समाज में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता भी बढ़ी है। कार्यक्रम में शिका फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष विवेक कुमार, भारत ज्ञान विज्ञान समिति, बक्सर की सचिव श्रीमती अनीता यादव, पीपल-नीम-तुलसी अभियान के डॉ. धर्मेन्द्र कुमार, दधीचि देहदान समिति की अध्यक्ष एवं पूर्व नगर परिषद चेयरमैन श्रीमती मीना सिंह सहित कई वक्ताओं ने विपिन कुमार को सम्मान मिलने पर बधाई दी। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, अंगदान, नेत्रदान, देहदान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विक्रम जयनारायण निषाद, रमाकांत राम, अखिलेश्वर प्रसाद, पृथ्वीनाथ सिंह, डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह, दिलीप कुमार, हरेन्द्र कुमार, अजय कुमार, निर्मल प्रसाद, रमेश चंद्र, इंद्रजीत वर्मा, राजकुमार सिंह, बबन सिंह, विकास कुमार, शांतनु कुमार, ब्रजेश कुमार, शालिग्राम पाल, नीलम श्रीवास्तव, सुरेंद्र प्रताप सिंह, शमशाद खान, रघुकुल तिलक, चंदन कुमार सिंह, विजय लाल शर्मा, उर्मिला कुमारी, सुनीता कुमारी, ऊषा कुमारी, ऊषा मिश्रा, संगीता कुमारी, आनंद प्रकाश, नवनीत कुमार, हरेराम सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।