जम्मू-श्रीनगर हाईवे भूस्खलन से बंद, यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेन

  • Post By Admin on Aug 04 2026
जम्मू-श्रीनगर हाईवे भूस्खलन से बंद, यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेन

जम्मू: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। सड़क बंद होने से घाटी और जम्मू के बीच हजारों यात्री, पर्यटक और श्रद्धालु प्रभावित हुए हैं। स्थिति को देखते हुए उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए तत्काल विशेष ट्रेन सेवा शुरू कर राहत पहुंचाई है।

करीब 250 किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। उधमपुर के समरोली और रामबन के गंगरू क्षेत्र में भारी बारिश के बाद सड़क को नुकसान पहुंचा है, जिसके कारण मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अधिकारियों के अनुसार, हाईवे पर कई स्थानों पर सड़क की सतह कीचड़ और मलबे से ढक गई है, जिससे वाहनों का आवागमन सुरक्षित नहीं रह गया है। समरोली स्थित दवाल ब्रिज के पास एक तरफ से मार्ग बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीमें, भारी मशीनें और ट्रैफिक पुलिस लगातार राहत एवं बहाली कार्य में जुटी हुई हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक हाईवे पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता, तब तक एनएच-44 पर यात्रा करने से बचें। अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए सड़क मार्ग से सफर करना फिलहाल जोखिम भरा हो सकता है। हाईवे बंद होने के बाद श्रीनगर और माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी। इसे देखते हुए उत्तर रेलवे ने बडगाम और माता वैष्णो देवी कटरा के बीच विशेष ट्रेन सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।

रेलवे के अनुसार, स्पेशल ट्रेन दोपहर 1:00 बजे बडगाम से रवाना होकर शाम 4:20 बजे कटरा पहुंचेगी। रास्ते में यह श्रीनगर, बनिहाल और संगलदान स्टेशनों पर भी रुकेगी। वापसी में ट्रेन शाम 5:05 बजे कटरा से प्रस्थान कर रात 8:30 बजे बडगाम पहुंचेगी और मार्ग के सभी निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव करेगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सामान्य यातायात बहाल होने तक यात्रियों की सुविधा के लिए यह विशेष ट्रेन सेवा जारी रहेगी, ताकि सड़क बंद होने के कारण फंसे लोगों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का विकल्प मिल सके।